हमीरपुर , जून 18 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 21 जून को राठ कस्बे में प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री स्वामी ब्रह्मानंद महाविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता को देंगे।
मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम के मद्देनजर गुरुवार को अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) प्रयागराज जोन ज्योति नारायण, जिलाधिकारी अभिषेक गोयल, पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर तथा राठ की भाजपा विधायक मनीषा अनुरागी ने जनसभा स्थल और स्वामी ब्रह्मानंद समाधि स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।
विधायक मनीषा अनुरागी ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा, यातायात, पेयजल, बिजली और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तथा केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जनता को संबोधित करेंगे।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जनसभा के माध्यम से सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएंगे। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक और पुलिस महकमे में गतिविधियां तेज हो गई हैं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी तैयारियों में जुटे हुए हैं।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी अभिमन्यु कुमार, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अजय कुमार, क्षेत्राधिकारी राजीव प्रताप सिंह, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी राजेश कुमार तथा कोतवाली प्रभारी अनूप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित