पौड़ी , जून, 11 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत जनपद पौड़ी गढ़वाल में गुरुवार को सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में राजस्व विभाग की टीमों ने विभिन्न तहसीलों में निरीक्षण कर सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की।

प्रशासन के अनुसार तहसील लैंसडाउन के तोल्यूं तोक, ग्राम च्वरा, पट्टी डबरालस्यूं-03 में सरकारी भूमि पर अतिरिक्त तारबाड़ लगाकर अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया। राजस्व विभाग ने मौके पर पहुंचकर भूमि का सत्यापन किया और अवैध रूप से लगाई गई तारबाड़ को हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा दिया।

इसी कड़ी में तहसील रिखणीखाल क्षेत्र के ग्राम गुर्डेता, पट्टी बिचलाबदलपुर-4, ग्राम घेडी, पट्टी बिचलाबदलपुर-2 तथा ग्राम कण्डिया तल्ला, पट्टी बिचलाबदलपुर-5 में सरकारी भूमि पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की गई। राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाया और भूमि को कब्जामुक्त कराया।

तहसील कोटद्वार के ग्राम नंदपुर, पट्टी मोटाढाक में स्थित पटवारी चौकी मोटाढाक की भूमि पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को भी प्रशासन ने हटाया। भूमि के अभिलेखीय परीक्षण और स्थलीय निरीक्षण के बाद राजकीय भूमि को पुनः कब्जामुक्त कर दिया गया।

वहीं ग्राम खूनीबड़, पट्टी मोटाढाक में बंजर श्रेणी की सरकारी भूमि पर तारबाड़, गमलों और नर्सरी के माध्यम से किए गए अस्थायी अतिक्रमण को भी चिन्हित किया गया। प्रशासन की कार्रवाई के बाद संबंधित व्यक्ति ने स्वयं ही अतिक्रमण हटा लिया, जिससे भूमि पुनः अतिक्रमण मुक्त हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित