बैतूल , अक्टूबर 30 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के 31 अक्टूबर को प्रस्तावित बैतूल दौरे और पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य कार्यक्रम को लेकर जिला यातायात पुलिस ने यातायात व्यवस्था के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है।

जारी आदेश के अनुसार कार्यक्रम के मद्देनजर 31 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। एलवी लॉन, कुंवर मैरिज लॉन (आठनेर रोड), बटरफ्लाई स्क्वायर, चिचोली चौराहा, भारत भारती और हमलापुर चौक से भारी वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।

वीआईपी मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था के तहत हेलीपैड (बालाजी परम रोड) से तितली चौराहा, करबला, अंडरब्रिज, विजय भवन, मैकेनिक चौक और गुरुद्वारा रोड होते हुए पीडब्ल्यूडी चौक तक का मार्ग नो-व्हीकल जोन रहेगा। इसके अलावा कारगिल चौक से मैकेनिक चौक तथा मैकेनिक चौक से तितली चौराहा होते हुए करबला तक आम वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर यातायात को क्वालिटी चौक के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।

कार्यक्रम में शामिल होने आने वाली बसों के लिए भी पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। भोरा, शाहपुर, रानीपुर, सारनी और नर्मदापुरम की ओर से आने वाली बसें भारत भारती और रानीपुर रोड के रास्ते न्यू बैतूल ग्राउंड में खड़ी होंगी। मुलताई, भैंसदेही, आमला, हमलापुर और बडोरा की बसों के लिए स्टेडियम पार्किंग तथा उत्कृष्ट विद्यालय परिसर निर्धारित किया गया है।

भीमपुर और चिचोली की ओर से आने वाली बसें भारत भारती के रास्ते जेएच कॉलेज पहुंचेंगी। वहीं छिंदवाड़ा और पांढुर्णा की बसें बडोरा मार्ग से होते हुए जेएच कॉलेज और न्यू बैतूल ग्राउंड में पार्क की जाएंगी। यातायात पुलिस ने नागरिकों से निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का उपयोग करने तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित