कोटा , मार्च 01 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सात मार्च को प्रस्तावित कोटा दौरे एवं क्षेत्र की महत्वाकांक्षी परियोजना कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के शिलान्यास की तैयारियों को लेकर रविवार को ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने जिला परिषद सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में ऊर्जा मंत्री ने नगर निगम, कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए), पीडब्ल्यूडी एवं परिवहन सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को सभा स्थल पर बन रहे मंच, सभा में आने वाले लोगों के बैठने की व्यवस्था, पीने के पानी, चल शौचालय की व्यवस्था, एम्बुलेंस एवं फायर ब्रिगेड आदि व्यवस्थाओं के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।
श्री नागर ने कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन, देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर के साथ सभा में आने वाले लोगों के परिवहन की व्यवस्था एवं अन्य तैयारियों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने जन प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से व्यापक चर्चा की और आवश्यक कदम उठाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
उन्होंने आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, मंच निर्माण, आमजन के बैठने की व्यवस्था और शिलान्यास कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने संख्या के अनुरूप पांडाल बनाने, पार्किंग व्यवस्था और परिवहन के संबंध में भी निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित