पटना , फरवरी 28 -- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन्मदिवस के अवसर पर रविवार को ग्रामीण विकास विभाग की ओर से राज्य के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को दो सेट स्कूल ड्रेस दिये जायेंगे।

इसकी शुरुआत ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री श्रवण कुमार के हाथों किया जायेगा।

योजना के अनुसार प्रथम चरण में करीब 51 लाख बच्चों को दो- दो सेट ड्रेस देने की तैयारी है। रविवार को राज्य स्तर पर होने वाले शुभारंभ के क्रम में विभागीय मंत्री खुद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के कर्मभूमि पश्चिम चंपारण और इसके बाद बगहा में ड्रेस का वितरण करेंगे।

इस संबंध में मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि वर्ष 2022 में मुंगेर जिले से शुरू हुआ बिहार का पहला दीदी सिलाई केंद्र राज्य के 15 जिलों में 25 आधुनिक सिलाई उत्पादन-सह-प्रशिक्षण केंद्रों के रूप में विस्तार पा चुका है। इसके साथ ही सभी प्रखंडों में दो- दो उप- सिलाई केंद्र संचालित हो रहे हैं। इस प्रकार कुल 1050 सिलाई केंद्रों के माध्यम से लगभग एक लाख जीविका दीदियां आजीविका से जुड़ रही हैं, जो अपने पैरों पर खड़े होने की सशक्त मिसाल हैं।

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चे बिहार की पहली पाठशाला के विद्यार्थी हैं। उनके सपने भले ही छोटे हों, लेकिन उनकी संभावनायें असीम हैं। जीविका दीदियों के हाथों तैयार पोशाक केवल पहनावा नहीं, बल्कि बराबरी का एहसास, आत्मविश्वास और सम्मान का प्रतीक है। हर पोशाक में दीदियों की मेहनत के साथ ममत्व और संवेदना जुड़ी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित