पंचकूला , अगस्त 10 -- हरियाणा में पार्ट-टू और हारट्रोन कर्मचारियों ने नियमितीकरण की वर्षों पुरानी मांग को लेकर 11 अगस्त को पंचकूला के सेक्टर-5 में प्रस्तावित प्रदर्शन स्थगित कर दिया है। यह निर्णय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल की देर रात हुई बैठक में मांगों पर नियमानुसार जल्द उचित एवं सकारात्मक कार्रवाई के आश्वासन के बाद लिया गया।
कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में कालका विधायक शक्तिरानी शर्मा भी मौजूद रहीं। प्रतिनिधिमंडल ने पार्ट-टू और हारट्रोन कर्मचारियों के नियमितीकरण से जुड़े कानूनी तथ्यों, प्रशासनिक दस्तावेजों और अपनी प्रमुख मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा मामले के कानूनी पहलुओं को समझने के बाद नियमानुसार शीघ्र उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने प्रस्तावित शांतिपूर्ण प्रदर्शन स्थगित करने का फैसला किया।
बैठक के बाद कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल ने कालका विधायक शक्तिरानी शर्मा का आभार जताया। प्रतिनिधियों ने कहा कि विधायक के लगातार सहयोग और व्यक्तिगत प्रयासों से उनकी वर्षों पुरानी नियमितीकरण की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष प्रभावी ढंग से रखी जा सकी।
कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि शक्तिरानी शर्मा बैठक में देर रात तक मौजूद रहीं और उन्होंने कर्मचारियों की मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष मजबूती से रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित