मऊ , मई 27 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रस्तावित मऊ दौरे को लेकर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बुधवार को कमिश्नर आजमगढ़ मंडल विवेक कुमार और डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री के आगमन कार्यक्रम के मद्देनजर थाना सरायलखंसी और थाना मधुबन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी आनंद वर्धन, पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, मुख्य विकास अधिकारी तथा अपर जिलाधिकारी सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल, ड्यूटी प्वाइंट तथा संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आमजन की सुरक्षा और कार्यक्रम के शांतिपूर्ण संचालन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी जारी किए गए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित