मिर्जापुर , मार्च 17 -- मिर्जापुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को देखते हुए मंगलवार को यहां प्रस्तावित यूजीसी विरोध सभा का तंबू और मंच पुलिस के निर्देश पर हटवा दिया गया। बाद में आयोजकों ने स्थान बदलकर विरोध कार्यक्रम आयोजित किया।
यूजीसी 26 के विरोध में ब्राह्मण एकता परिषद, कर्णी सेना, चित्रगुप्त महासभा सहित आधा दर्जन संगठनों ने मंगलवार को विरोध सभा का आह्वान किया था। कार्यक्रम में विभिन्न संगठनों के प्रमुख नेताओं के शामिल होने का भी कार्यक्रम निर्धारित था।
पूर्व घोषित कार्यक्रम स्थल जंगी रोड पर एक अस्पताल के सामने तय किया गया था, जहां आयोजक तंबू, कनात, मंच और माइक की व्यवस्था कर रहे थे। सफाई का काम पूरा होने के बाद सामियाना लगाया जा रहा था कि इसी बीच मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की सूचना मिल गई। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा कारणों से आयोजकों से कार्यक्रम स्थल बदलने को कहा।
पुलिस के निर्देश के बाद आयोजकों ने आनन-फानन में दूसरे स्थान का चयन किया और लगाए गए तंबू-कनात तथा मंच को हटाकर वहां से ले गए। हालांकि मुख्यमंत्री का उस मार्ग से सड़क मार्ग द्वारा गुजरने का कार्यक्रम नहीं था, फिर भी सुरक्षा की दृष्टि से विंध्याचल मार्ग पर बैरिकेडिंग की गई थी।
आयोजकों में शामिल नरेश शर्मा ने कहा कि बैरिकेडिंग की जा रही थी, इसलिए प्रशासन से टकराव की स्थिति से बचने के लिए कार्यक्रम स्थल बदलना उचित समझा गया। वहीं दिलीप सिंह गहरवार ने बताया कि स्थान बदलने के कारण लोगों को सूचना देने में कुछ कठिनाइयां हुईं, लेकिन बाद में सभी को सूचित कर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विरोध सभा में सैकड़ों की संख्या में लोगों, विशेषकर छात्रों ने हिस्सा लिया और यूजीसी के खिलाफ अपने विचार व्यक्त किए। प्रतिभागियों ने इस मुद्दे पर लंबी लड़ाई लड़ने का संकल्प भी व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित