जयपुर , मार्च 18 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 'प्रदेश में गैस की कोई कमी नहीं' के दावे को जमीनी हकीकत से कोसों दूर बताया हैं।

श्री गहलोत ने श्री शर्मा के एलपीजी गैस को लेकर दिए बयान पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा ''मुख्यमंत्री जी का यह दावा कि "गैस की कोई कमी नहीं है", जमीनी हकीकत से कोसों दूर है। प्रदेश का गृहिणी वर्ग और कारोबारी, आज सिलेंडर के लिए दर-दर भटक रहे हैं।"उन्होंने कहा कि गैस के इस संकट ने प्रदेश के उद्योग-धंधों की भी कमर तोड़ दी है। राजस्थान के करीब 50 हजार होटल और रेस्टोरेंट आज ठप होने की कगार पर हैं। वाणिज्यिक सिलेंडर न मिलने से छोटे हलवाई और ढाबा संचालक भारी नुकसान झेल रहे हैं। औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन रुकने से मजदूरों की आजीविका पर संकट मंडरा रहा है। सरकार 'इन्वेस्ट राजस्थान' के बड़े-बड़े दावे तो करती है, लेकिन मौजूदा उद्योगों को बुनियादी ईंधन तक मुहैया कराने में विफल है।

उन्होंने कहा कि विडंबना यह है कि खुद मुख्यमंत्री जी की सभा के लिए खाना लकड़ी वाले चूल्हों पर बनाना पड़ रहा है क्योंकि सिलेंडर उपलब्ध नहीं हैं। जब सरकारी कार्यक्रमों में यह हाल है, तो आम आदमी की क्या बिसात। श्री गहलोत ने कहा कि सिर्फ बयानबाजी से चूल्हे और कारखाने नहीं चलते। सरकार को अपनी नाकामी छिपाने के लिए जनता पर नियम थोपने के बजाय आपूर्ति सुनिश्चित करनी और कालाबाजारी पर लगाम लगाई जानी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित