वाराणसी , जुलाई 05 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आठ जुलाई को अपने प्रस्तावित वाराणसी दौरे के दौरान परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) योजना का शुभारंभ करेंगे। इसके तहत प्रदेश के लगभग 1.10 करोड़ विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खातों में प्रति छात्र 1,200 रुपये की धनराशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी। वाराणसी के 1,54,634 छात्र-छात्राओं के अभिभावक भी इस योजना से लाभान्वित होंगे।
मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) प्रखर कुमार सिंह ने रविवार को बताया कि मुख्यमंत्री इससे पहले चार अप्रैल को वाराणसी से प्रदेशव्यापी 'स्कूल चलो अभियान' का शुभारंभ कर चुके हैं और अब डीबीटी अभियान की शुरुआत भी काशी से करेंगे।
उन्होंने बताया कि डीबीटी के माध्यम से भेजी जाने वाली धनराशि से अभिभावक बच्चों की आवश्यकता एवं आकार के अनुरूप दो जोड़ी यूनिफॉर्म, स्कूल बैग, जूते-मोजे, स्वेटर तथा स्टेशनरी सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री खरीद सकेंगे। इससे विद्यार्थियों को समय पर आवश्यक सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।
बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सरकार का उद्देश्य संसाधनों के अभाव में किसी भी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित न होने देना है। डीबीटी व्यवस्था से अभिभावकों को सीधे धनराशि मिलने से आवश्यक शैक्षणिक सामग्री की खरीद में सुविधा होगी।
उन्होंने बताया कि आठ जुलाई को टीएफसी में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विभागीय अधिकारी कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं, ताकि मुख्यमंत्री के हाथों प्रदेशभर के लाभार्थियों के खातों में धनराशि का सफल अंतरण सुनिश्चित किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित