जालंधर , सितंबर 02 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केबल सिंह ढिल्लों ने बुधवार को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से दाखिल रिपोर्ट को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कार्यालय की कथित शह पर वरिष्ठ अधिकारियों के तबादलों और नियुक्तियों का रैकेट चल रहा है।
श्री ढिल्लों ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी के कथित 'ईमानदारी मॉडल' की सच्चाई सामने आने के बाद अब पंजाब में भी वही व्यवस्था उजागर हो रही है। उन्होंने ईडी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि मुख्यमंत्री के करीबी ओएसडी द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों के तबादलों एवं पोस्टिंग से जुड़े कथित रैकेट को संचालित किया जा रहा था।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि ईडी की रिपोर्ट में सरकारी गोपनीय दस्तावेजों को लीक करने, पैसे लेकर हथियार लाइसेंस दिलाने, सरकारी टेंडरों में हेरफेर तथा जमीन सौदों में अनियमितताओं जैसे गंभीर आरोपों का भी उल्लेख है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर पर कथित गतिविधियां राजनीतिक संरक्षण के बिना संभव नहीं हो सकतीं।
श्री ढिल्लों ने दावा किया कि ईडी ने पंजाब पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने के लिए सात बार पत्र भेजे, लेकिन अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि मुख्यमंत्री कार्यालय पूरी तरह साफ है, तो ईडी के लगातार पत्रों के बावजूद पुलिस कार्रवाई करने से क्यों बच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में अधिकारियों के तबादले और पोस्टिंग कथित तौर पर एक 'बाजार' का रूप ले चुके हैं, जहां बिचौलियों और दलालों के माध्यम से काम करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे प्रशासनिक व्यवस्था और जनता का सरकार पर भरोसा दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
श्री ढिल्लों ने यह भी आरोप लगाया कि मामले से संबंधित खबरों को हटवाने के लिए मुख्यमंत्री के ओएसडी द्वारा प्रमुख मीडिया संस्थानों को कानूनी नोटिस भेजे जा रहे हैं। उन्होंने इसे कथित भ्रष्टाचार से जुड़े सवालों को दबाने का प्रयास बताया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से नैतिक आधार पर तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए पूरे तबादला-पोस्टिंग मामले की केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जांच कराने और आरोपित लोगों के खिलाफ तुरंत प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित