भोपाल , जून 13 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को सागर जिले के केसली विकासखंड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना की 37वीं किश्त की राशि हितग्राहियों के खातों में अंतरित करेंगे। इस अवसर पर वह क्षेत्र को 190.85 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव एक करोड़ 25 लाख लाड़ली बहनों के खातों में कुल 1835 करोड़ रुपये की राशि अंतरित करेंगे। कार्यक्रम में देवरी विधानसभा क्षेत्र के लिए विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया जाएगा।

कार्यक्रम के तहत लगभग 190.85 करोड़ रुपये की लागत के 53 विकास कार्यों का शुभारंभ होगा। इनमें 122.02 करोड़ रुपये की लागत के 28 कार्यों का भूमि-पूजन तथा 68.83 करोड़ रुपये की लागत के 25 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, जल संसाधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा तकनीकी शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन करेंगे। इन विकास कार्यों से देवरी और केसली विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित