पटना , फरवरी 20 -- बिहार सरकार की 'मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना' के तहत राज्य के विभिन्न जिलों के कुल 173 वरिष्ठ और आर्थिक रूप से कमजोर कलाकारों को फरवरी माह की पेंशन राशि की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से संचालित इस योजना का उद्देश्य जीवन भर लोककला और सांस्कृतिक परंपराओं को समर्पित कलाकारों को सम्मानजनक जीवनयापन करने के लिए आर्थिक सहयोग देना है।इस माह जिन कलाकारों को पेंशन स्वीकृत की गई है, उनमें मधुबनी जिले के 54, पटना जिले के 35, बेगूसराय के 25, मुजफ्फरपुर के 15, वैशाली के 12, समस्तीपुर के 11, भागलपुर के 09, औरंगाबाद के 06, नवादा के 04 तथा भोजपुर (आरा) के 02 कलाकार शामिल हैं। ये सभी कलाकार लोकगायन, लोकनृत्य, वाद्य, नाट्य एवं पारंपरिक कला की विभिन्न विधाओं से जुड़े रहे हैं और दशकों से राज्य की सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखने में योगदान देते आए हैं।

'मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना' के तहत 50 वर्ष से अधिक आयु तथा कला क्षेत्र में कम से कम 10 वर्षों का योगदान देने वाले पात्र कलाकारों को प्रतिमाह 3000 रुपये की पेंशन सहायता प्रदान की जा रही है। राज्य में कलाकारों के लिए इस प्रकार की यह पहली समर्पित सामाजिक सुरक्षा योजना मानी जा रही है, जिसका उद्देश्य उपेक्षित और वृद्ध कलाकारों को आर्थिक संबल देना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित