पौड़ी , जुलाई 25 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल में मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत वर्ष 2026-27 के लिए जिलास्तरीय चयन ट्रायल 28 जुलाई से रांसी स्टेडियम, पौड़ी में आयोजित किए जाएंगे। योजना के अंतर्गत आठ से 14 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभाशाली बालक एवं बालिकाओं का चयन कर उन्हें खेल प्रतिभा के विकास के लिए प्रतिमाह 1500 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि चयन प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से आयोजित होगी। मंगलवार (28 जुलाई) को बालक वर्ग तथा बुधवार (29 जुलाई) को बालिका वर्ग के लिए विकासखंड दुगड्डा, द्वारीखाल, यमकेश्वर, नैनीडांडा, रिखणीखाल, बीरोंखाल, जयहरीखाल एवं थलीसैंण के साथ नगर पालिका दुगड्डा और नगर निगम कोटद्वार क्षेत्र के खिलाड़ियों के ट्रायल होंगे। इसके बाद 30 जुलाई को बालक वर्ग तथा 31 जुलाई को बालिका वर्ग के लिए विकासखंड पौड़ी, कोट, कल्जीखाल, पाबौ, खिर्सू, एकेश्वर एवं पोखड़ा के साथ नगर पालिका पौड़ी और नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र के खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। एक अगस्त को आरक्षित दिवस रखा गया है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत छह आयु वर्गों में जनपद से कुल 150 बालक एवं 150 बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को वर्ष 2026-27 के दौरान प्रतिमाह 1500 रुपये की छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें नियमित खेल प्रशिक्षण, बेहतर अभ्यास और अपनी खेल प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा।
जिला क्रीड़ा अधिकारी ने जनपद के सभी पात्र बालक-बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों से निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक अभिलेखों के साथ रांसी स्टेडियम, पौड़ी पहुंचकर चयन ट्रायल में प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित