गाजीपुर , मार्च 3 -- उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में पुलिस ने मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़े सहयोगियों समेत 32 अपराधियों/भगोड़ों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इन भगोड़ों में बहादुरगंज नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रेयाज अंसारी का नाम भी शामिल है। पुलिस अधीक्षक इरज राजा ने बताया कि बहादुरगंज नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष व वर्तमान चेयरमैन प्रतिनिधि रेयाज अंसारी सहित कुल 32 वांछित अपराधियों पर पुरस्कार घोषित किया गया है। रेयाज अंसारी पर मुख्तार अंसारी के लिए काम करने के आरोप लगते रहे हैं और वे कई मामलों में लंबे समय से फरार बताए जा रहे हैं।

इनामी अपराधियों में गाजीपुर के थाना रामपुर माझा, सैदपुर, करंडा, नोनहरा, कासिमाबाद, गहमर, खानपुर और नंदगंज क्षेत्रों में दर्ज विभिन्न मामलों में वांछित आरोपी शामिल हैं। इसके अलावा आजमगढ़ और जौनपुर जनपदों के साथ ही बिहार के रोहतास जिले से जुड़े अपराधी भी सूची में शामिल बताए गए हैं।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि इन वांछित अपराधियों के संबंध में कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित