नयी दिल्ली , सितंबर 25 -- दिल्ली पुलिस ने दिल्ली विश्वविद्यालय के उत्तरी परिसर क्षेत्र में दो छात्राओं से कथित छेड़छाड़ के मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश अभी जारी है। हिरासत में लिए गए दो आरोपियों की पहचान अभिनव और अभिमन्यु के रूप में हुई है। पुलिस ने मुखर्जी नगर थाने में छात्राओं की शिकायत पर हकीकत नगर के पास हुई इस घटना के संबंध में मामला दर्ज किया था।
पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार रात करीब 9:30 बजे की है, जब एक कॉलेज की दो छात्राएं कहीं जा रही थीं। उसी दौरान एक कार में सवार होकर कुछ युवक वहां पहुंचे, जिनमें से एक की पहचान दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र के रूप में हुई है। पीड़िता की शिकायत के अनुसार, कार सवार युवकों ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और बदसलूकी की। घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर शुरुआती जांच शुरू की और वाहन के पंजीकृत मालिक का पता लगाया। जांच में सामने आया कि कार में चालक के अलावा दो-तीन अन्य लोग भी सवार थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित