नैनीताल , सितंबर 26 -- उत्तराखंड में केबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विधानसभा के मुक्तेश्वर में चार करोड 54 लाख 68 हजार रुपये की लागत से बनने वाली पार्किंग एवं प्लाजा परियोजना का शनिवार को विधिवत् भूमि पूजन किया।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुक्तेश्वर एक प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थल है और यहां सुविधाओं का विस्तार करना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि इस पार्किंग एवं प्लाजा के बनने से न केवल यातायात सुचारू होगा, बल्कि स्थानीय व्यापार एवं पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।

स्थानीय जनता की ओर से लंबे समय से पार्किंग निर्माण की मांग की जा रही थी।

ऐसा माना जा रहा है कि इस परियोजना के पूर्ण होने से मुक्तेश्वर आने वाले हजारों श्रद्धालुओं, पर्यटकों तथा स्थानीय लोगों को ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी और यातायात सुगम व व्यवस्थित हो सकेगा।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष (रामगढ़) अंकित पांडे, मंडल अध्यक्ष (धारी) कृष्ण चंद्र, जिला पंचायत सदस्य ज्योति आर्या समेत अनेक जनप्रतिनिधि तथा भारी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित