भिवानी , अगस्त 09 -- हरियाणा के भिवानी कॉमनवेल्थ गेम्स में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर भिवानी का नाम रोशन करने वाली स्टार मुक्केबाज साक्षी चौधरी का भिवानी पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। मिनी क्यूबा के नाम से मशहूर भिवानी के भिवानी बॉक्सिंग क्लब (बीबीसी) में आयोजित सम्मान समारोह में सांसद धर्मबीर सिंह, दादरी विधायक सुनील सांगवान, लोहारू विधायक राजबीर फरटिया और समाजसेवी शिवरतन गुप्ता सहित कई गणमान्य लोगों ने शिरकत की। अतिथियों ने साक्षी चौधरी को स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए द्रोणाचार्य अवार्डी एवं मुक्केबाजी कोच जगदीश सिंह ने साक्षी की उपलब्धि पर गर्व जताया। उन्होंने कहा कि साक्षी की सफलता वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है। तीन बार की वर्ल्ड चैंपियन साक्षी ने कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर भारतीय मुक्केबाजी में अपनी प्रतिभा फिर साबित की है। उनकी उपलब्धि देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।

बीबीसी अध्यक्ष कमल सिंह प्रधान ने बताया कि पिछले 23 वर्षों में क्लब की नर्सरी से निकले करीब 350 महिला और पुरुष मुक्केबाज अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश के लिए पदक जीत चुके हैं। क्लब के खिलाड़ियों को अब तक 8 अर्जुन अवॉर्ड और 7 भीम अवॉर्ड भी मिल चुके हैं।

उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन करने वाले भिवानी जिले के सभी सात खिलाड़ियों साक्षी चौधरी, प्रिया घणघस, प्रीति पंवार, सीमा कालरामणा, जैस्मिन लंबोरिया, सचिन सिवाच और यशवीर तंवर को बधाई दी। उन्होंने आगामी एशियाई और ओलंपिक खेलों में देश के लिए पदक जीतने की शुभकामनाएं दीं।

कमल सिंह प्रधान ने सरकार से भिवानी में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के लिए खेल विश्वविद्यालय और खिलाड़ियों के उपचार व पुनर्वास के लिए आधुनिक स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर स्थापित करने की मांग भी की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित