भोपाल , मार्च 10 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह पटवारी ने कहा है कि विजयपुर विधानसभा से कांग्रेस नेता मुकेश मल्होत्रा के चुनाव को शून्य किए जाने के मामले में कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट जाएगी।

श्री पटवारी ने पत्रकारों से चर्चा में भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह मामला भाजपा की खरीद-फरोख्त और उसके चाल, चरित्र और चेहरे को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सोच इतनी घृणित है कि वह यह सवाल उठा रही है कि विजयपुर से एक आदिवासी विधायक कैसे चुनकर विधानसभा पहुंच गया। भाजपा नेताओं द्वारा आदिवासी नेता प्रतिपक्ष की औकात पूछना उनकी आदिवासी विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि मुकेश मल्होत्रा के चुनाव को शून्य किए जाने के फैसले के खिलाफ कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करेगी। इस मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं राज्यसभा सांसद विवेक तंखा सुप्रीम कोर्ट में कांग्रेस की ओर से पैरवी करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और मुकेश मल्होत्रा फिर से जनता के समर्थन से चुनकर आएंगे।

श्री पटवारी ने आदिवासी समाज से जुड़े भाजपा के सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे बताएं कि क्या यह भाजपा का कृत्य सही है। उन्होंने कहा कि यह केवल मुकेश मल्होत्रा के साथ अन्याय नहीं है, बल्कि विजयपुर के मतदाताओं के वोट पर सीधा कुठाराघात है।

उन्होंने कहा कि वे न्यायालय का सम्मान करते हैं, लेकिन जिस न्यायाधीश ने यह फैसला दिया है, वह उचित नहीं है। साथ ही उन्होंने महंगाई के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार को बढ़ती महंगाई दिखाई नहीं देती, लेकिन उसे यह जरूर दिखाई देता है कि एक आदिवासी विधायक विधानसभा कैसे पहुंच गया।

श्री पटवारी ने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही और अव्यवस्था के कारण इंदौर में 35 बच्चों की मौत हुई और छिंदवाड़ा में जहरीली शराब से लोगों की दर्दनाक मौत हुई, लेकिन सरकार इन घटनाओं पर गंभीर नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि भोपाल स्थित वल्लभ भवन दलालों का अड्डा बन गया है, जहां आम जनता के काम बिना दलालों के नहीं होते।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था भी बदहाल है और कई विश्वविद्यालय डिग्री बेचने वाले संस्थान बन गए हैं। विधायक निर्मला सप्रे के मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार इस प्रकरण में एक अदालत से दूसरी अदालत तक लोगों को गुमराह कर रही है।

श्री पटवारी ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के हितों के खिलाफ काम कर रही है और प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार खराब हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव कर्ज लेने के मामले में भी पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से आगे निकल गए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना के तहत बहनों से किए गए वादे भी पूरे नहीं किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित