हरिद्वार, फ़रवरी 23 -- उत्तराखंड के लक्सर में सोमवार को सैकड़ों अधिवक्ता एकजुट होकर कोतवाली लक्सर पहुंचे और 20 फरवरी को लेखपाल के साथ हुए विवाद से जुड़े मामले में दर्ज मुकदमे में संगीन धाराएं बढ़ाने की मांग की।
अधिवक्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर तत्परता दिखाते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया, जबकि अधिवक्ताओं की ओर से दी गई तहरीर पर मामला तो दर्ज किया गया, लेकिन उसमें उचित और गंभीर धाराएं शामिल नहीं की गईं। इसको लेकर अधिवक्ताओं में नाराजगी देखी गई।
अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने कोतवाल से मुलाकात कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा मुकदमे में सही धाराएं जोड़ने की मांग की। उनका कहना है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित