मुंबई , अप्रैल 04 -- महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में समुद्री क्षेत्र में बने तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) के 'एसएचपी' प्लेटफॉर्म पर आग लगने से 10 कर्मचारी घायल हो गये हैं। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि यह घटना शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे हुई, जिसके बाद वहां तैनात ओएनजीसी की टीमों ने तुरंत आपातकालीन कार्रवाई शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग पर तेजी से काबू पा लिया गया और उसे बुझा दिया गया। तेजी से की गयी कार्रवाई के बाद परिचालन पूरी तरह से सामान्य हो गया और चल रही गतिविधियों में कोई व्यवधान नहीं आया है। ओएनजीसी ने पुष्टि की है कि सभी 10 घायल कर्मियों को केवल मामूली चोटें आयी हैं और वे फिलहाल चिकित्सकीय देखरेख में हैं। कंपनी ने बताया कि प्रभावित व्यक्तियों की स्थिति स्थिर है और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है।
आग पर नियंत्रण पा लिया गया है, लेकिन घटना के सटीक कारणों का अभी खुलासा नहीं किया गया है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि आग लगने की परिस्थितियों की विस्तृत जांच और मूल्यांकन के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित