मुंबई , दिसंबर 05 -- इंडिगो की उड़ानों में जारी व्यवधानों के बीच मुंबई हवाई अड्डे से उसकी सभी उड़ानों को शुक्रवार शाम छह बजे तक रद्द कर दिया गया है। यह फैसला दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद में इंडिगो के परिचालन मेंं आ रहे अवरोध को देखते हुए उठाया गया है, जहां पिछले दो दिनों में 300 से ज़्यादा उड़ानें रद्द हुई हैं।
एयरलाइन ने उड़ान रद्द करने के प्राथमिक कारणों में अप्रत्याशित परिचालन चुनौतियों और चालक दल की कमी का हवाला दिया है।
मुंबई देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है, इसलिए उड़ान रद्द होने की घटनाओं में हो रही अचानक वृद्धि के कारण सुरक्षा जांच एवं एयरलाइन कार्यालयों में भीड़ बढ़ी है, जिससे हवाई अड्डे के कर्मचारियों पर और अधिक दबाव बढ़ा है।
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इंडिगो के अधिकारियों को स्थिति स्पष्ट करने तथा विलंब एवं उड़ान रद्द करने की घटनाओं में कमी लाने की योजना पर बातचीत करने के लिए बुलाया है।
जिन प्रभावित हवाई अड्डों पर उड़ानें रद्द की गई हैं उनमें मुंबई की 85, दिल्ली की 30, हैदराबाद की 68 और बेंगलुरु की 73 उड़ानें शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित