प्रतापगढ़ , अगस्त 15 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में देल्हूपुर थाना पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुंबई से चोरी किए गए एक ट्रक को बरामद कर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चला रहे एक चोर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सक्रिय अपराधियों एवं संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी क्रम में रंगोली कनेस्ता चौकी के सामने बैरियर लगाकर वाहनों की जांच के दौरान प्रतापगढ़ की ओर से आ रहा एक ट्रक संदिग्ध प्रतीत हुआ, जिस पर बीआर-03-जीए-7519 नंबर अंकित था। पुलिस टीम द्वारा वाहन रोकने का प्रयास किए जाने पर चालक ट्रक लेकर भागने लगा, लेकिन बैरियर लगाकर उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पकड़े गए चालक ने पूछताछ में अपना नाम हसरत खान (28) निवासी सराय मकई, थाना लीलापुर, जनपद प्रतापगढ़ बताया। ट्रक की नंबर प्लेट और चेचिस नंबर की जांच में पता चला कि वाहन का वास्तविक पंजीकरण नंबर एमएच-03-बीडी-1692 है, जबकि उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी।
पुलिस ने बताया कि वाहन स्वामी से संपर्क करने पर जानकारी मिली कि यह ट्रक नौ जुलाई 2026 को मुंबई से चोरी हो गया था, जिसकी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई थी। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी मोहम्मद हसीब उर्फ पापा पुत्र मोहम्मद वाहिद निवासी सराय मकई, थाना लीलापुर के साथ मिलकर ट्रक मुंबई से चोरी किया था। पुलिस की नजर से बचने के लिए ट्रक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। आरोपी के अनुसार उसका साथी घटना के बाद पुनः मुंबई चला गया।
पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर देल्हूपुर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित