रत्नागिरी , सितंबर 13 -- मुंबई से कोंकण स्थित अपने पैतृक गांव जा रहे यात्रियों से भरा एक वाहन रविवार सुबह राजापुर तालुका के हातिवले में अंकिता पैलेस के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

गणेशोत्सव मनाने जा रहे लगभग 15 यात्रियों में से करीब 10 लोग इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गये। घायल यात्री सिंधुदुर्ग जिले के मालवण तालुका स्थित कुंकावले के निवासी बताये जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में आठ से दस यात्रियों को गंभीर चोटें आयी हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासी तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्होंने बचाव कार्य में मदद की।

राजापुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। पुलिस दुर्घटनास्थल का पंचनामा कर रही है। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। यह हादसा महाराष्ट्र के प्रमुख त्योहारों में से एक गणेश चतुर्थी से ठीक एक दिन पहले हुआ है।

कोंकण की सांस्कृतिक परंपराओं में गणेशोत्सव का विशेष महत्व है और इस क्षेत्र के अधिकतर घरों में यह त्योहार धूमधाम से मनाया जाता है। हर वर्ष मुंबई, पुणे और नासिक से लाखों लोग त्योहार मनाने कोंकण स्थित अपने पैतृक गांवों की यात्रा करते हैं। इस वर्ष भी ऐसी ही जबरदस्त भीड़ देखी जा रही है, जिससे मुंबई-गोवा राजमार्ग पर भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित