मुंबई , जून 24 -- महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई की उपनगरीय लोकल ट्रेन में एक यात्री की हत्या के आरोपी को बोरीवली राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने गिरफ्तार कर लिया है।
अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
रेलवे पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान रोशन सुवर्ण (30 वर्ष) के रूप में हुई है। वह सोमवार रात पश्चिमी रेलवे की लोकल ट्रेन के प्रथम श्रेणी डिब्बे के भीतर एक सह-यात्री की चाकू मारकर हत्या करने के बाद फरार हो गया था। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी बोरीवली स्टेशन पर उतरा और वहां से कुर्ला के लिए दूसरी लोकल ट्रेन पकड़ ली। वह कुर्ला में छिपा हुआ था और कथित तौर पर उत्तर प्रदेश भागने की योजना बना रहा था।
घटना के बाद से ही रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीमें उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं। जांचकर्ताओं ने अंततः पूछताछ के लिए आरोपी के परिवार के सदस्यों को हिरासत में लिया, जिससे उन्हें कुर्ला में उसके ठिकाने का पता चला। उसे बुधवार दोपहर हिरासत में ले लिया गया और आगे की पूछताछ के लिए बोरीवली लाया जा रहा है।
मृतक की पहचान मयंक रमेश लोहार (22 वर्ष) के रूप में हुई है। भारी बारिश के दौरान डिब्बे का दरवाजा खुला रखने या बंद करने को लेकर हुई बहस के बाद उसे कथित तौर पर चाकू मार दिया गया था। यह घटना सोमवार देर रात अंधेरी और बोरीवली स्टेशनों के बीच चर्चगेट-नालासोपारा तेज लोकल ट्रेन (ट्रेन संख्या 90663) में हुई थी।
बोरीवली रेलवे पुलिस के अनुसार, पीड़ित और आरोपी दोनों अंधेरी स्टेशन से एक ही प्रथम श्रेणी डिब्बे में सवार हुए थे। यात्रा के दौरान दरवाजे को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया। पुलिस ने कहा कि आरोपी ने चाकू निकालकर मयंक के पेट में घोप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना तब सामने आई जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ, जिसमें पीड़ित डिब्बे के भीतर खून से लथपथ पड़ा हुआ दिखाई दे रहा था और अन्य सह-यात्री उसे देख रहे थे।
पश्चिमी रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन रात 11 बजकर 4 मिनट पर बोरीवली स्टेशन पहुंची थी। कुछ ही मिनटों में आरपीएफ, रेलवे पुलिस और चिकित्सा दल डिब्बे में पहुंच गये। आपातकालीन बचाव दल, स्ट्रेचर और कुलियों के साथ घायल यात्री की सहायता के लिए पहुंचे और उसे इलाज के लिए ले गये। रात 11 बजकर 22 मिनट पर आपातकालीन चिकित्सा कक्ष में डॉक्टरों ने मयंक की जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में आरपीएफ और रेलवे पुलिस की देखरेख में उसके शव को कांदिवली के शताब्दी अस्पताल भेजा गया। जांचकर्ताओं ने बताया कि आरोपी ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर पूरी तरह रुकने से पहले ही कूदकर स्टेशन से भाग निकला था।
पुलिस ने संदिग्ध को खोजने और गिरफ्तार करने के लिए सात टीमों का गठन किया था। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद बोरीवली रेलवे पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद सीसीटीवी फुटेज और अन्य जरूरी सबूत सुरक्षित कर जांचकर्ताओं को सौंप दिए गए थे। घटना के तुरंत बाद पश्चिमी रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी स्थिति की समीक्षा करने के लिए बोरीवली स्टेशन पहुंचे थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित