मुंबई , अगस्त 08 -- महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के लोकल ट्रेन में एक महिला यात्री के साथ गाली-गलौज और बेल्ट से उसे धमकाने के आरोप में सरकारी रेलवे पुलिस ने एक शख्स को 12 घंटे के अंदर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी की पहचान रिजवान अंसारी के रूप में की गयी है। वहीं बोरीवली सरकारी रेलवे पुलिस ने घटना का कथित वीडियो देखने के बाद खुद ही इसका संज्ञान लिया और आरोपी को गोवंडी से गिरफ़्तार किया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने अंसारी का पता लगाने और उसे पकड़ने से पहले सीसीटीवी फुटेज और दूसरे सबूतों की जांच की थी।
पुलिस ने अंसारी के खिलाफ़ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल का इस्तेमाल), 296 (अश्लील हरकतें) और 115 (हमला) के तहत मामला दर्ज किया है।
यह घटना गुरुवार शाम गोरेगांव से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) जाने वाली लोकल ट्रेन में हुयी थी।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के मुताबिक, आरोपी ने बहस के दौरान महिला के साथ गाली-गलौज की और बाद में अपनी बेल्ट निकालकर उसे मारने की धमकी दी।
वीडियो वायरल होने के बाद, बोरीवली रेलवे पुलिस ने खुद ही मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद सीसीटीवी फुटेज और दूसरे सबूतों की मदद से आरोपी का पता लगाया गया और 12 घंटे के अंदर उसे गोवंडी से गिरफ़्तार कर लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित