मुंबई , जून 24 -- मुंबई में लोकल ट्रेन के प्रथम श्रेणी कोच के दरवाजे को भारी बारिश के दौरान बंद करने को लेकर हुए विवाद में 22 वर्षीय एक यात्री की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है।

राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने यह जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पहचान मयंक रमेश लोहार के रूप में हुई है। यह घटना सोमवार देर रात चर्चगेट से नालासोपारा जाने वाली तेज लोकल ट्रेन में अंधेरी और बोरीवली स्टेशनों के बीच हुई।

बोरीवली रेलवे पुलिस के अनुसार, पीड़ित और आरोपी दोनों अंधेरी स्टेशन से एक ही प्रथम श्रेणी डिब्बे में सवार हुए थे। यात्रा के दौरान, तेज बारिश के बीच डिब्बे का दरवाजा खुला रखने या बंद करने को लेकर दोनों यात्रियों में बहस शुरू हो गई। यह विवाद देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया, जिसके दौरान आरोपी ने कथित तौर पर चाकू निकालकर मयंक के पेट में घोप दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।यह घटना तब सामने आई जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ, जिसमें एक यात्री प्रथम श्रेणी डिब्बे के भीतर खून से लथपथ पड़ा हुआ दिखाई दे रहा था और अन्य सह-यात्री इस दृश्य का वीडियो बना रहे थे।

पश्चिमी रेलवे के अनुसार, चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल ट्रेन रात 11 बजकर 4 मिनट पर बोरीवली स्टेशन पहुंची। कुछ ही मिनटों में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), रेलवे पुलिस और चिकित्सा दल डिब्बे में पहुंचे और घायल यात्री को आपातकालीन उपचार के लिए ले जाया गया। लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस की देखरेख में शव को एम्बुलेंस से कांदिवली के शताब्दी अस्पताल भेजा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित