मुंबई , सितंबर 9 -- महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के उपनगरीय इलाके मीरा-भायंदर वसई-विरार की पुलिस ने बुधवार को एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पिछले सप्ताह एक आभूषण दुकान से हुई 04 किलोग्राम सोने की चोरी के मामले को सुलझा लिया है और राजस्थान से इस मामले के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह मामला ठाणे जिले के पास मीरा-भायंदर स्थित 'शगुन ज्वेलर्स' का है, जहाँ से बीते सप्ताह लगभग 4 किलोग्राम सोना चोरी हो गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि इस वारदात का मुख्य सूत्रधार कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि उसी दुकान में पिछले चार वर्षों से काम करने वाला एक कर्मचारी था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ राजस्थान फरार हो गए थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी का सहारा लिया, जिससे पता चला कि आरोपी राजस्थान से हरियाणा और फिर दिल्ली की ओर भागे थे।
पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी विश्लेषण और जमीनी स्तर पर रेकी के आधार पर आरोपियों का सुराग लगाया और अंततः राजस्थान में दबिश देकर दो मुख्य आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस उपायुक्त राहुल चौहान ने बताया कि इस चोरी की घटना में कुल चार लोग शामिल थे, जिनमें से दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित