मुंबई , नवंबर 09 -- महाराष्ट्र सरकार का सांस्कृतिक कार्य विभाग, महाराष्ट्र फिल्म, रंगमंच एवं सांस्कृतिक विकास निगम के सहयोग से 15 से 18 नवंबर तक मुंबई में 'चित्रपटका' मराठी फिल्म महोत्सव का आयोजन करेगा।
महोत्सव के तहत उभरती रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और साहित्य तथा सिनेमा के बीच संबंध मजबूत करने के लिए दो विशेष पहल की जा रही हैं। इनमें 'महाराष्ट्र थ्रू माई लेंस' लघु फिल्म प्रतियोगिता और 'बुक टू स्क्रीन' कार्यक्रम शामिल हैं। दोनों कार्यक्रमों के लिए महोत्सव की आधिकारिक वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.चित्रपटका.कॉम पर ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया है।
'महाराष्ट्र थ्रू माई लेंस' लघु फिल्म प्रतियोगिता में युवा फिल्मकारों को महाराष्ट्र के इतिहास, संस्कृति, विरासत, परंपराओं, लोकजीवन, कला, प्राकृतिक दृश्यों और समकालीन परिस्थितियों को अपने नजरिये से प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। प्रतिभागी अधिकतम पांच मिनट की लघु फिल्म के माध्यम से महाराष्ट्र से जुड़ी अपनी कहानियां और रचनात्मक सोच प्रस्तुत कर सकेंगे। इसमें 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के इच्छुक फिल्मकार इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकते हैं। इसका उद्देश्य नये विचारों और स्वतंत्र कहानी कहने की कला को बढ़ावा देना है। चुनी गई सर्वश्रेष्ठ फिल्मों को 'चित्रपटका' मराठी फिल्म महोत्सव में प्रदर्शित किया जाएगा।
'बुक टू स्क्रीन' पहल का उद्देश्य मराठी साहित्य और फिल्म उद्योग के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है। इसके तहत ऐसी प्रकाशित मराठी पुस्तकों की पहचान की जाएगी, जिन पर फीचर फिल्म या वेब सीरीज बनाई जा सकती है। इसमें लघु कहानियां, उपन्यास, नाटक, जीवनियां, आत्मकथाएं और अन्य प्रकाशित साहित्यिक रचनाएं भेजी जा सकती हैं। एक चयन समिति प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन कर पुस्तकों की संक्षिप्त सूची तैयार करेगी।
चुनी गयी पुस्तकों के लेखकों को महोत्सव के दौरान आयोजित विशेष मंच पर पटकथा लेखकों, फिल्मकारों और निर्देशकों के सामने अपनी पुस्तक प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इससे उनकी रचनाओं पर भविष्य में फिल्म या वेब सीरीज बनाने की संभावनाएं खुलेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित