मुंबई , जून 3 -- मुंबई के कई हिस्सों में बुधवार को हुई हल्की से मध्यम मानसून-पूर्व की बौछारों के कारण मुख्य सड़कों पर भीषण ट्रैफिक जाम लग गया और सुबह के व्यस्त समय के दौरान हजारों यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे (डब्ल्यूईएच), ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे (ईईएच), जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड (जेवीएलआर) और पवई के कुछ हिस्सों में शहर में हुई बरसात के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं। महालक्ष्मी, मरीन ड्राइव, बांद्रा, अंधेरी, विले पार्ले, कांदिवली, मीरा रोड, विरार, घाटकोपर, मुलुंड और कुर्ला के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बौछारें दर्ज की गयीं।
यातायात में यह व्यवधान ऐसे समय में हुआ जब बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) शहर भर में मानसून की तैयारियों के उपाय कर रहा है। शहर के प्रमुख नालों की गाद निकालने और सफाई करने कचरे के ढेरों को हटाने और सड़कों के कंक्रीटीकरण का काम चल रहा है। यात्रियों ने वाकोला ब्रिज, कलिना और जोगेश्वरी फ्लाईओवर के पास यातायात की गति धीमी होने की शिकायत की, जबकि मुलुंड और कांजुरमार्ग के बीच के हिस्से में थोड़ी देर की बारिश के बाद भारी जाम देखा गया। कई वाहन चालकों ने ट्रैफिक जाम के हालात के बारे में सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की।
एक यात्री ने पोस्ट किया कि घरेलू हवाई अड्डे के क्षेत्र से आगे दक्षिण की ओर जाने वाले मार्ग पर कलिना-वाकोला फ्लाईओवर से पहले ट्रैफिक बेहद धीमी गति से आगे बढ़ रहा था। अन्यों ने सांताक्रूज़ की ओर जाने वाले विले पार्ले फ्लाईओवर पर गाड़ियां लगभग थम जाने की स्थिति बताई, जबकि एक अन्य यात्री ने गोरेगांव और अंधेरी के बीच वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर यातायात प्रबंधन की आलोचना की। इस बारिश के कारण मुंबई के प्रमुख यातायात गलियारों में से एक, अंधेरी सबवे में भी पानी जमा हो गया। सुबह करीब 8.25 बजे, मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने घोषणा की कि जलभराव के कारण सबवे की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। जाम को कम करने के लिये यातायात को गोखले ब्रिज, एसवी रोड और ठाकरे ब्रिज की तरफ मोड़ दिया गया। बाद में प्रभावित क्षेत्र को साफ करने के बाद अधिकारियों ने सामान्य आवाजाही बहाल कर दी।
'मुंबई नवकास्ट' के अनुसार, इसके बाद बारिश का दौर थम गया और दिन में आगे शहर के अधिकांश हिस्सों में धूप खिलने की संभावना थी।
इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 6 जून तक पालघर, मुंबई और ठाणे में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। इन बौछारों ने उमस भरी स्थिति से राहत तो दी, लेकिन बारिश के कारण होने वाले व्यवधानों के प्रति प्रमुख परिवहन गलियारों की संवेदनशीलता को भी उजागर कर दिया, जिसकी वजह से मुंबई महानगरीय क्षेत्र के कई हिस्सों में यात्रियों को लंबी देरी का सामना करना पड़ा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित