मुंबई , सितंबर 01 -- मुंबई और आसपास के शहरों में मंगलवार से सीएनजी दो रुपये प्रति किलोग्राम और घरेलू पीएनजी एक रुपये प्रति एससीएम महंगी हो गयी है।

देश की वाणिज्यिक राजधानी के अलावा ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, लातूर एवं धाराशिव तथा चित्रदुर्ग और दावणगेरे में सीएनजी की आपूर्ति करने वाली कंपनी महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) ने बताया कि 01 सितंबर से मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में सीएनजी की संशोधित कीमत 88 रुपये प्रति किलोग्राम होगी। पहले यह 86 रुपये प्रति किलोग्राम थी।

कंपनी के बयान में कहा गया है, "मध्य पूर्व में जारी संकट को देखते हुए, जिसके कारण अंतरराष्ट्रीय सूचकांकों से जुड़ी इनपुट गैस की कीमतों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, एमजीएल ने सीएनजी की कीमतों में संशोधन की घोषणा की है।"इसके अलावा, इनपुट लागत में वृद्धि के कारण घरेलू पीएनजी की कीमत में भी एक रुपये प्रति एससीएम की वृद्धि की गयी है।

एमजीएल ने बताया कि सीएजी की मांग में काफी वृद्धि हुई है और सीएनजी सेगमेंट के लिए आवश्यक इनपुट गैस का एक बड़ा हिस्सा आयात के माध्यम से पूरा किया जा रहा है। इन कारणों से सीएनजी सेगमेंट के लिए इनपुट गैस की लागत में काफी वृद्धि हुई है। सीएनजी की बढ़ी हुई मांग पूरी करने के लिए एमजीएल को अब अधिक कीमत पर गैस खरीदनी पड़ रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित