मुंबई , जुलाई 20 -- मुंबई के पूर्वी उपनगर मानखुर्द में सायन-पनवेल हाईवे पर बेस्ट (बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट) की एक बस सोमवार सुबह अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गयी जिससे वहां से पैदल गुजर रहे एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गयी और बेस्ट के दो कर्मचारी घायल हो गये।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा सुबह 9 बजे विश्वकर्मा अस्पताल के पास हुआ, जब वाशी की ओर जा रही रूट नंबर 501 की बेस्ट बस बीच के डिवाइडर से जा टकरायी। इस टक्कर में वहां डिवाइडर के पास खड़े भास्कर रावसाहेब पांडे (65) को गंभीर चोटें आयीं। ये चोटें उनके लिए जानलेवा साबित हुयीं।
राजावाड़ी अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि श्री पांडे को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया। भर्ती करने से पहले ही उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
हादसे में बस ड्राइवर बनवारी श्रीराम प्रसाद शर्मा (51) और कंडक्टर वैभव वाघमारे (41) घायल हो गये हैं और उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि दोनों की हालत अब स्थिर है।
घटना के तुरंत बाद पुलिस और ट्रैफिक कर्मी मौके पर पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त बस को रास्ते से हटाया गया और व्यस्त सायन-पनवेल हाईवे पर ट्रैफिक, जो थोड़ी देर के लिए प्रभावित हुआ था, उसे सफाई अभियान के बाद बहाल कर दिया गया।
इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच से लग रहा है कि ड्राइवर ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया था, हालांकि सही कारण जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित