मुंबई , मई 18 -- महाराष्ट्र में मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने पिछले हफ्ते पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में एक आश्रम के बाहर हुए बम धमाकों में कथित संलिप्तता के आरोप में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान पेशे से ड्राइवर और कांडी होटल पारा निवासी रॉकी खान और ग्राम नतून पुरा के रहने वाले पेशे से मजदूर शहादत सरकार के रूप में हुई है। मुंबई अपराध शाखा की क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट (सीआईयू) ने रविवार को इन दोनों को बोरीवली रेलवे स्टेशन के बाहर से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार 12 मई को आश्रम के पास स्थित मां दुर्गा मंदिर के पास एक बिजली के खंभे पर लगे राजनीतिक बैनर को कुछ अज्ञात लोगों द्वारा कथित तौर पर फाड़ दिए जाने के बाद हिंसा भड़क उठी थी। गत13 मई की रात करीब 10:45 बजे, आरोपियों ने आश्रम के सामने एक खुले मैदान में तीन देसी बम फेंके जिनमें से केवल दो ही फटे।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन इससे स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई। स्थानीय पुलिस ने इस मामले में दस से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी उन लोगों में शामिल थे, जो अपराध को अंजाम देने के बाद पश्चिम बंगाल से भागकर मुंबई आ गए थे। दोनों को एक विशिष्ट सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
मुंबई अपराध शाखा ने गिरफ्तारी के बाद एक स्थानीय अदालत से दो दिन की ट्रांजिट रिमांड भी मांगी, ताकि शहर की पुलिस आरोपियों की हिरासत पश्चिम बंगाल पुलिस को सौंप सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित