मुंबई , जुलाई 21 -- मुंबई में मंगलवार को मध्यम से भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिन भर शहर और उपनगरों में आमतौर पर बादल छाये रहने का अनुमान जताया है।आईएमडी ने कुछ स्थानों पर अत्यधिक तेज बारिश के साथ-साथ बीच-बीच में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है।
पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार शाम 16:53 बजे 3.64 मीटर के उच्च ज्वार का अनुमान है, जिसके बाद बुधवार सुबह 05:57 बजे 3.27 मीटर की दूसरे उच्च ज्वार का अनुमान जताया गया है।
सोमवार रात 23:17 बजे 1.49 मीटर का निम्न स्तर का ज्वार दर्ज किया गया था।
मंगलवार सुबह 08:00 बजे समाप्त हुए 24 घंटों के दौरान दर्ज की गयी बारिश से पता चलता है कि पूर्वी उपनगरों में सबसे अधिक 45.01 मिमी बारिश हुई। मूल मुंबई में 36.67 मिमी, जबकि पश्चिमी उपनगरों में 28.40 मिमी बारिश दर्ज की गयी।
मूसलाधार बारिश, तेज हवाओं और उच्च ज्वार के पूर्वानुमान के मद्देनजर बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) और आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।निवासियों से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अनावश्यक यात्रा से बचने, उच्च ज्वार के दौरान समुद्र तट से दूर रहने और मौसम संबंधी आधिकारिक सलाह का पालन करने का आग्रह किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित