मुंबई , अप्रैल 03 -- मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने फर्जी डॉक्टर बनकर अवैध क्लिनिक चलाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपियों की पहचान राजीव कपिलदेव रंजन और कुबेरनाथ गोमती यादव के रूप में हुई है, जो बिना वैध शैक्षणिक प्रमाणपत्र के मरीजों का इलाज कर रहे थे। उन्होंने बता कि गुप्त सूचना के आधार पर अपराध शाखा की टीम ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के सहायक चिकित्सा अधिकारी के साथ मिलकर उपनगरीय मुंबई के शिवाजीनगर इलाके में दो क्लिनिक पर छापेमारी की, जहां से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी मरीजों की जांच कर इलाज भी कर रहे थे, जबकि उनके पास आवश्यक डिग्री या लाइसेंस नहीं था।

इस मामले में शिवाजीनगर पुलिस थाने में मेडिकल प्रैक्टिशनर्स एक्ट, 1961 की धाराओं 33 और 36 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित