मुंबई , अगस्त 06 -- महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के विक्रोली पश्चिम में तेज आवाज में संगीत बजाने को लेकर हुए विवाद में 40 वर्षीय व्यक्ति और उनके 14 वर्षीय बेटे की मौत हो गयी, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य घायल हो गये। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
यह घटना बुधवार तड़के पार्कसाइट पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले राहुल नगर में हुई।
पुलिस के मुताबिक, विवाद तब शुरू हुआ, जब एक परिवार ने दूसरे पक्ष द्वारा तेज आवाज में गाने बजाने का विरोध किया। देखते ही देखते बहस हिंसक झड़प में बदल गयी और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसों और चाकुओं से हमला कर दिया।
इस हमले में घायल हुए एक ही परिवार के चार सदस्यों को राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया। घायलों की पहचान सुनील विश्वकर्मा (40), उनकी पत्नी अंजू विश्वकर्मा और उनके पुत्र श्लोक (14) तथा विवान विश्वकर्मा के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि इलाज के दौरान सुनील और श्लोक की मौत हो गयी, जबकि अंजू और विवान का इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर है। पार्कसाइट पुलिस ने इस सिलसिले में सुरेंद्र विश्वकर्मा और सूरज विश्वकर्मा नामक दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों और पीड़ितों के बीच आपस में क्या संबंध है।
मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है और फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाये हैं। घटना की पूरी कड़ी और हमले के सटीक कारणों को समझने के लिए पुलिस गवाहों और घायलों के बयान दर्ज कर रही है।
जांच आगे बढ़ने पर इस मामले में और भी गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित