मुंबई , अक्टूबर 20 -- मुंबई के उपनगरीय अंधेरी के साकीनाका इलाके में खैरानी रोड स्थित कबाड़ के गोदाम में मंगलवार शाम दूसरे स्तर (लेवल-2) की आग लगने से चार लोग झुलस गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, मुंबई अग्निशमन दल को शाम 6:18 बजे अंधेरी पूर्व के साकीनाका इलाके में खैरानी रोड स्थित अब्दुल राशिद कंपाउंड के एक गोदाम में आग लगने की सूचना मिली। शाम 6:37 बजे आग को लेवल-2 घोषित किया गया।

आपातकालीन कार्रवाई के लिए दमकल विभाग, पुलिस, अदाणी पावर, 108 एम्बुलेंस सेवा और नगर निगम के वार्ड कर्मचारियों को तैनात किया गया।

शुरुआत में किसी के घायल होने की सूचना नहीं थी। बाद में राजावाड़ी अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, चार लोग झुलस गए थे और उनका इलाज चल रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित