मुंबई , जुलाई 25 -- दक्षिण मुंबई में शनिवार को एक इमारत की छठी मंजिल का एक हिस्सा पांचवीं मंजिल पर गिर गया। इस घटना में दो लोग घायल हो गये।
बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के मुंबई फायर ब्रिगेड के अनुसार, यह घटना दक्षिण मुंबई के मस्जिद बंदर इलाके में विट्ठलदास चंदन स्ट्रीट पर स्थित म्हाडा सेस्ड इमारत 'लोकखंडवाला बिल्डिंग' में दोपहर में हुई।
हादसे के समय प्रभावित फ्लैट के अंदर छह लोग मौजूद थे। बचाव दल ने उन सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
अधिकारियों ने बताया कि बिलाल शेख (35) और जमशेद शेख (55) के रूप में पहचाने गये दो व्यक्ति इस घटना में घायल हो गये। उन्हें इलाज के लिए सहारा अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गयी।
मुंबई फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, बेस्ट, 108 एम्बुलेंस सेवा और बीएमसी वार्ड कर्मचारियों की टीमों को तुरंत मौके पर तैनात किया गया और बचाव व सुरक्षा कार्य चलाये गये।
इमारत का हिस्सा गिरने के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित