नयी दिल्ली , दिसंबर 25 -- नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने गुरुवार को कहा कि मुबई वास्तविक अर्थों में दो हवाई अड्डों वाला देश का पहला मेट्रो शहर बन गया है।
मुंबई के उपनगरीय इलाके नवी मुंबई स्थित नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर वाणिज्यिक उड़ानें आज शुरू हुईं। केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी कुछ तस्वीरें साझा करते हुए महाराष्ट्र, और विशेषकर मुंबई के लोगों को बधाई दी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, "इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ मुंबई वास्तविक अर्थों में दो हवाई वाले देश का पहला मेट्रोपॉलिटन शहर बन गया है - यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में राजग की डबल इंजन की सरकार के तालमेल से संभव हो सका है।"उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी आधारित अत्याधुनिक नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा देश के एयरपोर्ट बुनियादी ढांचे की यात्रा में एक निर्णायक क्षण है और क्षमता, दक्षता तथा यात्री अनुभव के मामले में नये बेंचमार्क स्थापित करता है।
बेंगलुरु से आई इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 460 सुबह 7.31 बजे पारंपरिक वाटर कैनन सैल्यूट के बीच नवी मुंबई हवाई अड्डे पर उतरी। इसके बाद अकासा एयर की क्यूपी 1831 सुबह 7.40 बजे उतरी जो दिल्ली से आयी थी।
नवी मुंबई से प्रस्थान करने वाली पहली उड़ान भी इंडिगो की 6ई 8882 थी जो हैदराबाद के लिए रवाना हुई। इसके बाद 9.18 बजे अकासा एयर की उड़ान क्यूपी 1832 दिल्ली के लिए रवाना हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित