मुंबई , अक्टूबर 29 -- मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने सरकारी नौकरी दिलाने के बदले लगभग 2.88 करोड़ रूपये का फर्जीवाड़ा करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ईओडब्ल्यू के अधिकारियों ने पहले मुंबई अपराध शाखा कार्यालय में आरोपी रवींद्र मोरे से पूछताछ की और फिर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आज ही अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे एक सप्ताह की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
इसी धोखाधड़ी मामले में ईओडब्ल्यू ने 10 अक्टूबर को फर्जी भारतीय प्रशासनिक अधिकारी (आईएएस) नीलेश राठौड़ (35) को गिरफ्तार किया था। उस पर कथित तौर पर भारतीय प्रशासनिक सेवा का अधिकारी बनकर 50 उम्मीदवारों को सरकारी नौकरी का झूठा वादा करके ठगने का आरोप था।
राठौड़ ने खुद को कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) का उप सचिव बताया था और कथित तौर पर 50 उम्मीदवारों को आयकर निरीक्षक और सहायक पद दिलाने का वादा किया था। उसने पाँच सितारा होटलों में फर्जी बैठकें कर जाली नियुक्ति पत्र भी जारी किये थे। इसके बदले उम्मीदवारों से बड़ी रकम वसूली गई थी।
आर्थिक अपराध शाखा इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाने और ठगी गई रकम की वसूली के लिए गहन जाँच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित