मुंबई , जून 26 -- महाराष्ट्र में मुंबई पुलिस ने नशीले पदार्थ की तस्करी और अवैध व्यापार के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और उससे तीन करोड़ 57 लाख रुपये से ज़्यादा कीमत की 750 ग्राम हेरोइन ज़ब्त की है।

अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर एंटी-नारकोटिक्स सेल (एएनसी) के एक अधिकारी ने उपनगरीय इलाके गोरेगांव में एक युवक को पकड़ा, उसके पास छोटी-छोटी पुड़ियाओं में हेरोइन थी। युवक के खिलाफ बांगुरनगर पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया और उसे एनडीपीएस की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 30 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

एएनसी की पुलिस उपायुक्त पूर्णिमा चौगुले श्रृंगी ने बताया कि आरोपी कथित तौर पर हेरोइन की तस्करी और वितरण नेटवर्क से जुड़ा है।

उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि हेरोइन राजस्थान से मंगाई जा रही थी। मुंबई पहुंचने पर इसमें तीन-चार अन्य तरह के नशीले पदार्थ मिलाए जाते थे और फिर शहर के अलग-अलग हिस्सों में बांटने के लिए इसे छोटी-छोटी पुड़ियाओं में पैक किया जाता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित