उज्जैन , जुलाई 11 -- मुंबई एवं पुणे क्षेत्र में लगातार हो रही भारी वर्षा, जलभराव तथा मुंबई-पुणे घाट सेक्शन में भूस्खलन और रेलवे ट्रैक पर बोल्डर गिरने के कारण पश्चिम एवं मध्य रेलवे के विभिन्न रेलखंडों पर रेल यातायात प्रभावित हुआ है। इसके चलते कई ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी परिवर्तन किया गया है।

पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि 16 जुलाई को सोलापुर से प्रस्थान करने वाली गाड़ी संख्या 09628 सोलापुर-अजमेर स्पेशल परिवर्तित मार्ग दौंड-मनमाड-जलगांव-पालधी-सूरत होकर संचालित होगी। इसी प्रकार 12 जुलाई को दौंड से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 22193 दौंड-ग्वालियर एक्सप्रेस भी दौंड-मनमाड-जलगांव-पालधी-सूरत मार्ग से चलेगी।

उन्होंने बताया कि 15 जुलाई को अजमेर से प्रस्थान करने वाली गाड़ी संख्या 09627 अजमेर-सोलापुर स्पेशल सूरत-पालधी-मनमाड-दौंड मार्ग से संचालित की जाएगी।

इसी क्रम में 11 जुलाई को ग्वालियर से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 22194 ग्वालियर-दौंड एक्सप्रेस का संचालन भी सूरत-पालधी-मनमाड मार्ग से किया जाएगा। इसके अलावा 16 जुलाई को अजमेर से प्रस्थान करने वाली गाड़ी संख्या 20991 अजमेर-दौंड एक्सप्रेस भी सूरत-पालधी-मनमाड मार्ग से संचालित होगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित