मुंबई , मार्च 19 -- मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) स्थित पासपोर्ट कार्यालय में बुधवार को ईमेल से मिली बम की धमकी से सुरक्षा व्यवस्था में हड़कंप मच गया और इसके बाद तुरंत ईमारत खाली कराकर सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
अधिकारियों के अनुसार ईमेल में दावा किया गया था कि पासपोर्ट कार्यालय परिसर और शौचालयों के भीतर 'साइनाइड' से भरे 19 बम रखे गये हैं। साथ ही दोपहर करीब 13:30 बजे विस्फोट होने की चेतावनी भी दी गयी थी। धमकी से कर्मचारियों और आगंतुकों के बीच खौफ पैदा हो गया, जिसके चलते पूरे इलाके को फौरन खाली करा लिया गया।
सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, बम निरोधक एवं निस्तारण दस्ते (बीडीडीएस) के साथ मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों, आतंकवाद विरोधी दस्ते (एटीएस) के कर्मियों और यूनिट 8 की टीमों ने इमारत और आसपास के क्षेत्रों की गहन जांच की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित