मुंबई , सितंबर 28 -- मुंबई के उपनगरीय वनराई क्षेत्र स्थित सार्वजनिक शौचालय के भीतर संदिग्ध रसायन रिसाव के कारण दम घुटने से दो युवकों की मौत हो गयी। इस सिलसिले में मुंबई पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
वनराई पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अब्दुल शेख ने साेमवार को बताया कि पुलिस को आशंका है कि पास के एक कारखाने से निकले रसायनों के ड्रेनेज सिस्टम में चले जाने के कारण शौचालय में जहरीली गैस फैल गयी।
पुलिस के अनुसार, रविवार तड़के करीब 2:30 बजे खाना खाने के बाद करीब आठ से 10 लोग मौके पर थे। इसी दौरान उनमें से दो युवक लघुशंका के लिए पास के सार्वजनिक शौचालय में गये। जब वे काफी देर तक वापस नहीं लौटे, तो बाकी लोग उन्हें देखने गये तो उन दोनों को बेहोश पाया।दोनों युवकों को तुरंत ट्रॉमा केयर अस्पताल ले जाया गया, जहां तड़के करीब 3:49 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान प्रभाकर धनिवार (24) और भाविन देसाई (18) के रूप में हुई है। यह घटना राम मंदिर पूर्व इलाके में मृणालताई गोरे फ्लाईओवर के पास पारसी पंचायत गेट के सामने स्थित सार्वजनिक शौचालय की है, जहां एक नागरिक के अधिकारियों को सूचित किये जाने के बाद सुबह करीब 8:30 बजे मामला दर्ज किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित