मुंबई , अगस्त 26 -- मुंबई के सात प्रमुख जलाशयों में जल भंडारण लगातार बढ़ रहा है और बुधवार सुबह छह बजे तक इनकी संयुक्त उपयोगी क्षमता का 95.83 प्रतिशत पानी जमा हो गया।
महानगरपालिका के हाइड्रोलिक इंजीनियर विभाग के नवीनतम आकलन के अनुसार, सातों जलाशयों में कुल 13,86,958 मिलियन लीटर (एमएल) पानी जमा है, जबकि इनकी कुल उपयोगी क्षमता 14,47,363 एमएल है। पिछले 24 घंटे में जल भंडार में करीब 1,511 एमएल की वृद्धि दर्ज की गयी। मंगलवार को जल भंडारण 95.72 प्रतिशत था।
जलाशयों में लगातार ऊंचे जलस्तर के चलते मुंबई के प्रमुख जल स्रोत लगभग अपनी पूरी क्षमता के करीब पहुंच गये हैं। इससे शहर की आगामी पेयजल और अन्य नागरिक जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त जल भंडार उपलब्ध हो गया है। मुंबई की जलापूर्ति व्यवस्था में शामिल सात प्रमुख जलाशय मोडक सागर, तानसा, मध्य वैतरणा, ऊपरी वैतरणा, भातसा, विहार और तुलसी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित