मुंबई , अक्टूबर 03 -- मुंबई में एक वकील ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके और उनके सहयोगियों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करायी है।
यह शिकायत चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को दादर स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क में सीजेपी की ओर से आयोजित प्रदर्शन को लेकर दर्ज करायी गया है।
कुछ स्थानीय निवासियों के विरोध के बावजूद सीजेपी ने प्रदर्शन किया। बताया गया है कि प्रदर्शन में युवाओं समेत बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लिया। मुंबई में प्रदर्शन के बाद सीजेपी ने अपने आंदोलन को दिल्ली तक ले जाने की भी घोषणा की।
अधिवक्ता सिद्धि देओलकर ने मुंबई पुलिस से शिकायत की है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली गयी थी और इसके कारण इलाके में व्यवधान उत्पन्न हुआ।
उन्होंने अपनी शिकायत के साथ 2013 के बंबई उच्च न्यायालय के एक फैसले का भी हवाला दिया है। उनका दावा है कि इस फैसले में शिवाजी पार्क परिसर में प्रदर्शन आयोजित करने पर प्रतिबंध लगाया गया है। शिकायत के अनुसार, पुलिस ने प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं दी थी।
इसके बावजूद सीजेपी के सदस्य बड़ी संख्या में एकत्र हुए और प्रदर्शन किया, जिससे आम नागरिकों को असुविधा हुई। श्री देओलकर ने आरोप लगाया कि सभी को प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन प्रदर्शन के लिए उचित स्थान का चयन किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी आजाद मैदान में प्रदर्शन कर सकते थे या यदि उनकी मांग मुख्य चुनाव आयुक्त से संबंधित थी तो दिल्ली के जंतर-मंतर जा सकते थे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मांग मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे को लेकर थी, तो मुंबई में इस तरह का प्रदर्शन करने की क्या जरूरत थी। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
श्री देओलकर ने बताया कि मुंबई पुलिस ने उनकी शिकायत स्वीकार कर ली है और उन्हें उम्मीद है कि उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शिकायत के बाद अब सीजेपी और उसके आयोजकों के खिलाफ संभावित कार्रवाई को लेकर चर्चा शुरू हो गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित