मुंबई , सितंबर 08 -- मुंबई अपराध शाखा ने पाकिस्तानी नंबर से एक व्यापारी को मिली धमकी के मामले में जम्मू-कश्मीर के रहने वाले एक सुरक्षा प्रहरी को गिरफ्तार किया है।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक आरोपी की पहचान मोहम्मद शरीफ के रूप में हुई है। वह जम्मू-कश्मीर से ताल्लुक रखता है और 2008 से मुंबई के कई इलाकों-अंधेरी, साकीनाका, जोगेश्वरी और बांद्रा में बतौर सुरक्षा प्रहरी काम किया है। यह जांच तब शुरू हुई जब बांद्रा के गरीब नगर में तोड़फोड़ की कार्रवाई के बाद व्यापारी इम्तियाज खत्री को पाकिस्तान के एक नंबर से धमकी भरे व्हाट्सप कॉल और वॉयस मैसेज मिले। खत्री ने पहले इस इलाके में सरकार की कार्रवाई का स्वागत किया था।

सीआईयू अधिकारियों ने जांच के दौरान पाकिस्तान के उस नंबर का पता लगाया और पाया कि शरीफ उस नंबर का इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति के संपर्क में था। उसके मोबाइल फोन की जांच में ऐसी बातचीत और अन्य सबूत मिले जिनसे पाकिस्तानी नंबर के साथ संपर्क का पता चलता है। इन जानकारियों के आधार पर अपराध शाखा ने शरीफ को हिरासत में लिया और बाद में सतारा से गिरफ्तार कर लिया, जहां वह रह रहा था।

जांचकर्ता अब पाकिस्तान में मौजूद संपर्क के साथ शरीफ के संबंध की प्रकृति, धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान और मकसद और धमकी भरे संदेशों में आरोपी की कोई सीधी या परोक्ष भूमिका थी या नहीं, इस बात की जांच कर रहे हैं। जांच शरीफ के पारिवारिक संबंधों पर भी केंद्रित है क्योंकि बताया जाता है कि उसके पिता पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में रहते हैं। पुलिस ने इस मामले में उसकी पत्नी शबनम और उसके भतीजे से पूछताछ की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित