मुंबई , जून 29 -- भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को मुंबई के लिए अगले कुछ दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने 29 जून तथा एक, दो और तीन जुलाई के लिए मुंबई में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को मानसून की तीव्र गतिविधियों के मद्देनजर सतर्क रहने की सलाह दी है।
पूर्वानुमान के अनुसार, इस अवधि में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं, गरज-चमक और आंधी का भी प्रबल अनुमान है।
मौसम बुलेटिन में कहा गया है कि मुंबई महानगर क्षेत्र में दक्षिण-पश्चिम मानसून अत्यधिक सक्रिय रहने का अनुमान है। अगले कुछ दिनों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है, जिससे जलभराव, यातायात बाधित होने तथा स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
तटीय ठाणे और रायगढ़ जिलों में भी भारी से बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान जताया गया है। वहीं पालघर जिले के लिए 29 जून को कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा की आशंका के मद्देनजर इससे भी उच्च स्तर का अलर्ट जारी किया गया है।
मुंबई के लिए मौसम विभाग ने कहा है कि कोंकण क्षेत्र में मानसून की गतिविधियां तेज होने के कारण अगले कुछ दिनों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है। लगातार भारी बारिश और शहर के संवेदनशील इलाकों में जलभराव की आशंका को देखते हुए नागरिक प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल सतर्क हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित