मुंबई , अगस्त 17 -- महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के आयकर विभाग कार्यालय के बेसमेंट में सोमवार को आग लगने के बाद 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।

दमकल विभाग सूत्रों ने बताया कि आग सात से आठ हज़ार स्क्वेयर फीट में फैले बिजली के तारों और उपकरणों, रिकॉर्ड भंडार गृह, कबाड़, पुराने रिकॉर्ड, कागज़ों और लकड़ी के सामान तक ही सीमित रही। जिस छह मंजिला इमारत में आग लगी उसमें एक बेसमेंट और एक भूतल है।

आठ फायर इंजनों से दो हाई-प्रेशर लाइन, तीन बड़ी होज़ लाइन और चार छोटी होज़ लाइन लगाकर आग बुझाने का काम चल रहा है। इसके साथ ही, 20 दमकलकर्मियों को भी तैनात किया गया है।

इमारत से धुआं हटाने के लिए खिड़कियों के शीशे तोड़े जा रहे हैं और धुआं निकालने वाली मशीन (स्मोक एक्सट्रैक्टर) का इस्तेमाल किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि पहली, दूसरी और तीसरी मंज़िल से 15 लोगों को बचाया गया और सीढ़ियों के ज़रिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके अलावा, पहली मंज़िल से पांच-छह लोगों को एंगस लैडर की मदद से बचाया गया, जबकि छत पर शरण लेने वाले आठ लोगों को टर्नटेबल लैडर की मदद से नीचे लाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित