मुंबई , जुलाई 24 -- मुंबई की मॉडल रिया अहीर ने केंद्र सरकार से परीक्षा के पेपर लीक को रोकने के वादे को पूरा करने की अपील की।

रिया अहीर तब से चर्चा में हैं जब से उन्होंने शहर में हाल ही में हुए छात्र आंदोलन के दौरान एक पुलिस वाहन का बड़ी बहादुरी से सामना किया। उन्होंने प्रधानमंत्री की घोषणा का स्वागत करते हुए शुक्रवार को शिवाजी पार्क के पास अपने आवास पर संवाददाताओं से कहा कि इन उपायों की 'असली परीक्षा' इस बात पर निर्भर करेगी कि वादों को ठोस कार्रवाई में बदला जाता है या नहीं।

सुश्री अहीर ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) पेपर लीक विवाद पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो संदेश पर टिप्पणी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा उठाये गये मुद्दे वही चिंताएं थीं जिन्हें छात्र अपने विरोध-प्रदर्शनों के माध्यम से उठा रहे थे। उन्होंने कहा कि उन चिंताओं को स्वीकार करना ही अपने आप में उत्साहजनक है लेकिन साथ ही यह भी कहा कि प्रस्तावित उपायों को जमीनी स्तर पर लागू करने के बाद ही छात्रों का सरकार पर भरोसा और विश्वास बढ़ेगा।

उन्होंने पिछली परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि 2024 की परीक्षा के पेपर लीक मामले में मास्टरमाइंड को जमानत मिल गयी थी और बाद में उसे आरोपों से बरी कर दिया गया था। उन्होंने मौजूदा मामले में ऐसा नहीं होने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रभावी ढंग से कार्रवाई करने की उम्मीद जतायी।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में परीक्षा पेपर लीक को एक गंभीर चुनौती बताया जो देशभर के लाखों छात्रों और उनके परिवारों को प्रभावित करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित